Helicopter Crash in Kedarnath Today: उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया, जब एक हेलिकॉप्टर गौरीकुंड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हेलिकॉप्टर श्री केदारनाथ से गुप्तकाशी की ओर जा रहा था। हादसे में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक 23 महीने का बच्चा भी शामिल था।
मौसम बनी हादसे की वजह
सुबह तड़के हुए इस हादसे में हेलिकॉप्टर अचानक असंतुलित होकर घने जंगलों में गिर पड़ा, जिससे उसमें भीषण आग लग गई। प्राथमिक रिपोर्ट्स में मौसम की खराबी को हादसे की प्रमुख वजह बताया गया है। नेपाली मूल की महिलाओं ने सबसे पहले हेलिकॉप्टर क्रैश की जानकारी दी, जो पास में घास काट रही थीं।

मृतकों में महाराष्ट्र का पूरा परिवार भी शामिल
इस हादसे में मृतकों में एक दंपति और उनका मासूम बच्चा भी शामिल है। यह परिवार महाराष्ट्र से चारधाम यात्रा पर आया था। इसके अलावा, दो स्थानीय निवासी और बीकेटीसी का एक कर्मचारी भी इस हादसे का शिकार हुए। पायलट कैप्टन राजीव, जो राजस्थान के रहने वाले थे, भी हादसे में जान गंवा बैठे।
मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे को गंभीरता से लेते हुए हेलिकॉप्टर संचालन को लेकर नई एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी जांच और मौसम की पूरी जानकारी के बाद ही उड़ान को अनुमति दी जाए।
जांच करेगी AAIB
इस हादसे की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) द्वारा की जाएगी। वहीं, दो दिनों के लिए चारधाम रूट पर हेली सेवाओं को स्थगित कर दिया गया है।
ऐसी ही ताज़ा और भरोसेमंद ख़बरों के लिए Fact News Hub से जुड़े रहें।
